देहरादून। राज्य में उपनल संविदा कर्मियों की हड़ताल के चलते स्वास्थ्य सेवाएं चरमरा गई हैं। नियमितीकरण और समान कार्य समान वेतन की मांग को लेकर करीब 22 हजार उपनल कर्मचारी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं। उपनल कर्मियों की इस हड़ताल का खामियाजा मरीजों को भुगतना पड़ रहा है।
देहरादून के दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल में 180 से ज्यादा कर्मियों के कार्य बहिष्कार से मरीजों को भारी परेशानी हो रही है। यहां करीब 180 से ज्यादा संविदा कर्मियों के कार्य बहिष्कार से स्वास्थ्य सेवाएं अस्त-व्यस्त हो गई हैं। अस्पताल में फार्मासिस्ट, नर्स, बिलिंग क्लर्क, डेटा एंट्री ऑपरेटर और वार्ड बॉय जैसे पदों पर कार्यरत लगभग 180 से अधिक कर्मचारी काम छोड़ चुके हैं। इस वजह से बिलिंग, पर्चा बनाने और दवा वितरण जैसी जरूरी सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हैं। हालांकि अस्पताल प्रशासन की ओर से वैकल्पिक इंतजाम जरूर किए गए हैं, लेकिन कर्मचारियों की भारी कमी के कारण स्थिति को संभालना मुश्किल हो रहा है।
