नैनीताल। कहते हैं कि जब दोस्त ही दगाबाज निकल जाए तो फिर किसका विश्वास किया जाए। नैनीताल में आज एक ऐसी घटना घटी जो लोगों को बेहद हैरान कर रही है। हुआ यूँ कि रुद्रपुर आ रही एक महिला को उसके दोस्त ने चलती ट्रेन से धक्का दे दिया। वह हल्दी-छतरपुर रेलवे ट्रैक के पास घायल अवस्था में मिली। महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने उसका बयान दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
बताया जाता है कि शनिवार 15 नवंबर की सुबह हल्दी-छतरपुर रेलवे ट्रैक के किनारे एक महिला घायल अवस्था में पड़ी मिली। महिला को देखने के लिए लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोगों की सूचना पर पहुंची 108 एंबुलेंस ने घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया। जिला अस्पताल पहुंची पंतनगर पुलिस ने घायल महिला से पूछताछ कर बयान दर्ज किए। अर्द्ध-बेहोशी की हालत में महिला ने पुलिस को बताया कि उसका नाम फरजाना है और वह रुद्रपुर की रहने वाली है।
उसके पति मोहम्मद अली की छह माह पहले मौत हो गई थी। वह कुछ दिन पहले अपने दोस्त के साथ नैनीताल घूमने गई थी। शनिवार 15 नवंबर की सुबह वह अपने दोस्त के साथ हल्द्वानी से ट्रेन में रुद्रपुर आ रही थी। रुद्रपुर पहुंचने से पहले दोस्त ने चलती ट्रेन से उसे धक्का दे दिया।
