बदरीनाथ। पहाड़ों में ऊँचाई वाले क्षेत्रों में पिछले दिनों हुई बर्फबारी से तापमान में भारी गिरावट आई और झीलें जमने लगी। कड़ाके की ठंड के कारण भारत -चीन सीमा क्षेत्र में 18 हजार फीट की ऊंचाई पर स्थित देवताल झील इन दिनों जम गई है। देवताल झील के साथ ही यहां पानी के स्रोत भी जम गए हैं। झील का पानी बर्फ में तब्दील हो गया है। यही कराण है कि इन दिनों कई पर्यटक देवताल तक पहुंच रहे हैं।
बर्फ से ढकी खूबसूरत झील का मनमोहक दृश्य देखने के लिए यहां कई लोग पहुंच रहे हैं। वे यहां तक पहुंचने के लिए प्रशासन से इनर लाइन परमिट लेते हैं। बर्फ से ढकी चोटियां और झील का आकर्षक दृश्य देखकर पर्यटक मंत्रमुग्ध हो रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि सर्दियों में देवताल की खूबसूरती में और भी निखार आ जाता है, जिसे देखने का अनुभव अविस्मरणीय है।
