
देहरादून। नौ नवंबर को उत्तराखंड राज्य की स्थापना के 25 साल हो जाएंगे। राज्य की रजत जयंती के उपलक्ष में प्रदेश सरकार ने विधानसभा का विशेष सत्र कराने का निर्णय लिया है। दो दिवसीय इस सत्र की तिथि तय करने के लिए कैबिनेट ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को अधिकृत किया है। विधानसभा सचिवालय इसकी तैयारियों में जुट गया है।
बताया जाता है कि सत्र में विधायी कार्य नहीं होंगे। सदन में पक्ष व विपक्ष राज्य के विकासात्मक मुद्दों पर चर्चा करेगा। मुख्यमंत्री जल्दी ही सत्र की तिथि तय करेंगे। सत्र देहरादून में होगा। विधानसभा सचिवालय ने इसकी तैयारियां शुरू कर दीं हैं। इस माह के अंतिम सप्ताह में विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण सत्र के दौरान सुरक्षा व्यवस्थाओं के लिए अधिकारियों की बैठक लेंगी। विशेष सत्र में आम सत्रों की तरह न प्रश्न काल होगा और न ही कोई विधायी कार्य होंगे। दो दिन तक चलने वाले सत्र में सिर्फ 25 साल में राज्य के विकास और भावी रणनीति पर चर्चा की जाएगी।
