उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (रिटायर्ड) मंगलवार 21 अक्टूबर को बदरीनाथ धाम पहुंचे। राज्यपाल ने भगवान बदरी विशाल की विशेष पूजा में भाग लिया। उन्होंने धाम में मास्टर प्लान के तहत चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिये।
राज्यपाल बदरीनाथ हेलीपैड पर पहुंचे, तो वहां जिलाधिकारी गौरव कुमार और पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार ने उनका स्वागत किया। पुलिस जवानों ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया, जिसके बाद वे मंदिर पहुंचे। उन्होंने धाम परिसर में लगभग एक घंटा व्यतीत किया।
राज्यपाल ने दर्शन के बाद बदरीनाथ मास्टर प्लान के तहत चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से सिविक एमेनिटी सेंटर, कम्युनिटी सेंटर, अराइवल प्लाजा और अस्पताल भवन की प्रगति रिपोर्ट ली।
राज्यपाल ने कहा कि बदरीनाथ मास्टर प्लान के तहत हो रहे कार्य उत्तराखंड को विश्व गुरु और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में आगे बढ़ा रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों को सभी विकास कार्यों की फोटो सहित डॉक्यूमेंटेशन तैयार कर नियमित रूप से प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
राज्यपाल ने बद्रीश झील और शेष नेत्र क्षेत्र की सफाई व्यवस्था को निरंतर बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही आस्था पथ पर प्रकाश व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए भी अधिकारियों को आवश्यक कदम उठाने को कहा।
उन्होंने जिलाधिकारी गौरव कुमार से मंदिर क्षेत्र में यातायात, श्रद्धालुओं की सुविधाओं और स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति की जानकारी ली। जिलाधिकारी ने बताया कि यातायात व्यवस्था और भीड़ नियंत्रण के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात है और अस्पताल भवन का कार्य अंतिम चरण में है।
