देहरादून। उत्तराखंड में बदरी-केदार और ऊँची चोटियों में हिमपात और निचले इलाकों में झमाझम वर्षा हुई। इसके कारण ठंड ने असर दिखाना शुरू कर दिया है। मौसम विभाग के अनुसार, गुरुवार 6 नवंबर से अगले कुछ दिन प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहने का अनुमान है। मैदानी क्षेत्रों में कहीं-कहीं उथला कोहरा छाया रह सकता है। पहाड़ों में पाला दुश्वारी बढ़ा सकता है। पारे में मामूली कमी आने के आसार हैं।
बदरी-केदार के अलावा हेमकुंड साहिब और पिथौरागढ़ के ऊँचाई वाले क्षेत्रों में वर्षा और बर्फबारी हुई। अल्मोड़ा और हर्षिल में भी झमाझम वर्षा हुई। जबकि, हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में दिनभर धूप खिली रही। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, गुरुवार को प्रदेश के ज्यादातर क्षेत्रों में मौसम शुष्क बना रहने का अनुमान है। मैदानी क्षेत्रों में कहीं-कहीं हल्का कोहरा छाया रह सकता है। पारे में एक डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आने की उम्मीद है।
